ऋषिकेश: रायवाला कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत छिद्दरवाला ग्रामसभा में पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध गैस रिफिलिंग के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। टीम ने एक किराये के मकान पर छापेमारी कर 94 गैस सिलेंडर, पांच मोटर चालित रिफिलिंग किट बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि सिलेंडरों की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे एक लोडर वाहन को भी सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, छिद्दरवाला के एक रिहायशी इलाके में किराये के मकान के भीतर घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों से कथित तौर पर अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग की जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारा। तलाशी के दौरान मकान से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए।
कार्रवाई में बरामद 94 सिलेंडरों में 62 व्यावसायिक और 32 घरेलू गैस सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा, मौके से पांच मोटर चालित रिफिलिंग किट भी मिली हैं। इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों और रिफिलिंग उपकरणों की बरामदगी के बाद आशंका जताई जा रही है कि यहां बड़े स्तर पर गैस की अवैध रिफिलिंग का काम संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने इस मामले में रामजीत सिंह, सुमित, वीर सिंह और राजीव कुमार को गिरफ्तार किया है। गैस सिलेंडरों की आवाजाही में इस्तेमाल किए जा रहे लोडर वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिफिलिंग के बाद गैस की आपूर्ति ऋषिकेश, देहरादून, डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों में की जाती थी। हालांकि, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गैस की आपूर्ति के स्रोतों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस और पूर्ति विभाग यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि सिलेंडर कहां से लाए जाते थे और किन स्थानों पर गैस की बिक्री की जा रही थी।
रायवाला के एसएसआई विनोद कुमार के अनुसार, संयुक्त टीम ने सूचना मिलने के बाद छिद्दरवाला स्थित मकान पर छापेमारी की थी। मौके से 62 व्यावसायिक और 32 घरेलू गैस सिलेंडरों के साथ पांच मोटर चालित रिफिलिंग किट बरामद की गई हैं। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
