दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर उठे विवाद के बीच पंजाबी गायक मीका सिंह ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से फोन पर बातचीत की। मीका सिंह ने कहा कि अगर आरोप साबित होते हैं, तो वह गाना छोड़ देंगे। दरअसल, मंत्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं।

हरिद्वार में ऊपरी गंगनहर की मरम्मत के चलते मंगलवार मध्यरात्रि से नहर बंद कर दी गई है। इससे हरकी पैड़ी पर अगले 18 दिनों तक गंगा जल की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद नहर को दोबारा चालू किया जाएगा। इसका असर दिल्ली-एनसीआर समेत अन्य क्षेत्रों में भी पड़ सकता है।

उत्तराखंड के 206 मदरसों में अब शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश नहीं होगा। शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त और मान्यता के लिए आवेदन करने वाले इन मदरसों में अन्य विद्यालयों की तरह निर्धारित साप्ताहिक अवकाश व्यवस्था लागू की जाएगी।

कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर भदालीखाल के पास जीएमओयू की बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। बस कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर जा रही थी और उसमें चालक समेत करीब 30 यात्री सवार थे। बस खाई में एक पेड़ से टकराकर रुक गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ऊधमसिंह नगर जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए तीन सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो दोस्त भी शामिल हैं। हादसों के बाद परिवारों में मातम पसरा है, जबकि दिनेशपुर क्षेत्र में दो युवकों की मौत से शोक की लहर है।