उत्तराखंड के कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुगड्डा से आगे भदालीखाल के पास जीएमओयू की बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। बस में चालक समेत करीब 30 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।

जानकारी के मुताबिक, बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया। इसके बाद ढलान पर बस पीछे की ओर खिसकने लगी और अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।