मसूरी के अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन के पास अनधिकृत निर्माण के खिलाफ सोमवार को प्रशासन और एमडीडीए ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम के आदेश पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एमडीडीए की टीम ने जेसीबी से चार दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटने से कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एमडीडीए के सहायक अभियंता अजय मलिक के अनुसार, अनधिकृत निर्माण को लेकर संजय मेहरोत्रा और राजीव मेहरोत्रा के खिलाफ प्राधिकरण में वाद दर्ज था। सुनवाई पूरी होने के बाद 17 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया गया था। इसी आदेश के अनुपालन में सोमवार को चार दुकानों को गिराया गया।
कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, अवर अभियंता अनुज पांडेय और सुपरवाइजर संजीव मौजूद रहे। वहीं, नायब तहसीलदार उपेंद्र सिंह राणा और कोतवाली मसूरी के एसएचओ देवेंद्र सिंह चौहान की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था की गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी।
पुलिस की मौजूदगी में चारों दुकानों को एक-एक कर ध्वस्त किया गया। एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि संबंधित स्थल पर दोबारा अनधिकृत निर्माण न हो, इसके लिए निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माण के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
