ऋषिकेश दुष्कर्म मामला: होटल में तोड़फोड़ के बाद प्रबंधन पर भी सवाल, फरार आरोपी की तलाश तेज
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731
ऋषिकेश में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले को लेकर लोगों में आक्रोश है। घटना वाले होटल में लोगों ने तोड़फोड़ कर विरोध जताया। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ होटल प्रबंधन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां लगातार दबिश दे रही है।
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एम्स पहुंचकर पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और न्याय व सुरक्षा का भरोसा दिया। उन्होंने एसपी देहात जया बलूनी और कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट से फोन पर घटना की जानकारी ली और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
कुसुम कंडवाल ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग को बहला-फुसलाकर होटल बुलाना और नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करना सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की। साथ ही पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर प्रदेश के होटलों में कम से कम तीन महीने का सीसीटीवी बैकअप अनिवार्य करने की मांग की।
महिला आयोग की अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वैध पहचान पत्र और आयु सत्यापन के बिना नाबालिगों को कमरा देने वाले होटलों को चिह्नित कर उनके खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, चेला चेतराम मार्ग स्थित होटल की जांच में कथित अनियमितताओं की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि होटल में पहचान दस्तावेजों की पूरी जांच किए बिना कमरे उपलब्ध कराए जाते थे और अतिरिक्त रकम वसूली जाती थी। जांच में सीसीटीवी कैमरे बंद होने और बिजली न होने का बहाना बनाए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस होटल मालिक और मैनेजर की भूमिका के साथ वहां कथित अनैतिक गतिविधियों के संचालन की भी जांच कर रही है।
मामले में नाबालिग का वीडियो बनाए जाने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस आरोपी और उसके दोस्त के मोबाइल फोन समेत डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना की कोई रिकॉर्डिंग हुई थी या उसे किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा किया गया था।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731




