बदरीनाथ धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व 4 सितंबर को धूमधाम और भव्य तरीके से मनाया जाएगा। पर्व को लेकर बीकेटीसी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और भगवान बदरीनाथ मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। जन्माष्टमी की मध्यरात्रि भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष पूजा-अर्चना और आरती होगी।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि रावल अमरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठी रवींद्र भट्ट की ओर से विशेष पूजा और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। इस दौरान बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ भी मौजूद रहेंगे।
वहीं, 5 सितंबर को बदरीश पंडा पंचायत की ओर से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। पंचायत अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी के अनुसार, बामणी गांव से विभिन्न झांकियां बदरीनाथ मंदिर पहुंचेंगी। इसके बाद मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
