हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में सोमवार शाम पुलिया पर खेल रहीं दो बच्चियां अचानक नाले में गिर गईं। तेज बहाव की चपेट में आने से छह वर्षीय विधिका बह गई, जबकि सात वर्षीय हिमानी को आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश में सर्च अभियान शुरू किया। तेज बारिश और पानी के बहाव के बीच टीम ने नाले और आसपास के संभावित स्थानों पर काफी देर तक तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस के अनुसार, घटना कृपाल स्कूल के पास हुई, जहां बारिश के कारण नाले में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया था। विधिका बिजनौर के फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली की रहने वाली थी और फिलहाल रावली महदूद के कृपाल नगर में रह रही थी।
सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।
