उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी आज दिल्ली में अपनी कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक करेगी। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होकर आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, विस्तारक योजना को गति देने और चुनावी रणनीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विचार किया जाएगा। इसके बाद संगठनात्मक बैठकों का दौर भी शुरू होगा, जिनमें तय रणनीति को जमीनी स्तर पर उतारने की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
भाजपा ने चुनावी तैयारियों के तहत जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन की भी योजना बनाई है। पार्टी के पांचों लोकसभा सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों के विधायकों के साथ बैठक करेंगे। वहीं, युवाओं को जोड़ने के लिए प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर युवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
पार्टी का लक्ष्य संगठन को और अधिक सक्रिय बनाना तथा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
